ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज : तकनीकी कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल अधिशाषी अभियंता अर्की संदीप कुमार से मिला और कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने “ग्रूप डी” कर्मचारियों को 01 जनवरी 2016 के संशोधित वेतनमान के कुल बकाया एरियर में से 20 हजार रुपये की राशि का शीघ्र भुगतान करने तथा एनपीएस कर्मचारियों के लंबित डीए एरियर का भुगतान करने की मांग उठाई। इसके अलावा जिन कर्मचारियों की सेवाएं अभी तक कन्फर्म नहीं हुई हैं, उन्हें जल्द से जल्द कन्फर्म करने की भी मांग की गई।

संघ ने तकनीकी कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उच्च गुणवत्ता के सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। इसमें सेफ्टी हेल्मेट, सेफ्टी ग्लव्स, फोल्डिंग लैडर, हाई वोल्टेज डिटैक्टर तथा सेफ्टी बेल्ट जैसे उपकरण शामिल हैं।

अर्की इकाई के अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने अधिशाषी अभियंता से आग्रह किया कि कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरणों के महत्व, उनके सही उपयोग एवं रख-रखाव के प्रति जागरूक किया जाए। इस पर अधिशाषी अभियंता ने सुझाव का स्वागत करते हुए अर्की मंडल के अंतर्गत सभी विद्युत उपमंडलों में “सुरक्षा सप्ताह” के तहत साप्ताहिक बैठकों का आयोजन करने की बात कही। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी इन कार्यक्रमों में भाग लेकर कर्मचारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अन्य स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में अर्की इकाई के अध्यक्ष संदीप गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष यशवंत कुमार, जिला उपाध्यक्ष विजय गर्ग, अर्की इकाई के उपाध्यक्ष नरेश कुमार, कर्म चंद सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य शामिल रहे।


