ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- चैत्र नवरात्रों के पावन अवसर पर सिविल कोर्ट अर्की परिसर में बार एसोसिएशन द्वारा सामूहिक रूप से हलवा प्रसाद का आयोजन किया गया। इस दौरान अदालत में आने वाले वादकारियों, वकीलों, कोर्ट स्टाफ व अन्य लोगों को श्रद्धापूर्वक प्रसाद वितरित किया गया। सुबह से ही प्रसाद ग्रहण करने के लिए लोगों की आवाजाही बनी रही और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में जिला अतिरिक्त एवं सत्र न्यायाधीश विवेक खनियाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बार एसोसिएशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि आपसी सौहार्द और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।

बार एसोसिएशन अर्की के सदस्यों ने न्यायाधीश की उपस्थिति पर आभार जताते हुए बताया कि नवरात्रों के दौरान यह आयोजन हर वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है, ताकि न्यायालय में आने वाले लोगों को भी पर्व की पवित्रता और सकारात्मक माहौल का अनुभव हो सके।

इस अवसर पर न्यायाधीश विवेक खनियाल एवं बार एसोसिएशन के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों और न्यायालय से जुड़े सभी लोगों को नवरात्रों की शुभकामनाएं दीं तथा सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।



