कन्या विद्यालय के विलय पर अर्की में विरोध, सरकार से फैसले पर पुनर्विचार की मांग

अर्की के कन्या विद्यालय का बॉयज स्कूल में मर्जर, सरकार ने जारी की  अधिसूचना।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल मुख्यालय अर्की स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (छात्र) अर्की और पीएमश्री शहीद कैप्टन विजयंत थापर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की का विलय कर एक सह-शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया गया है।


शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना अनुसार कन्या विद्यालय को बॉयज स्कूल में मर्ज किया गया है और नवगठित विद्यालय सीबीएसई पाठ्यक्रम के अंतर्गत कार्य करेगा। अधिसूचना में यह भी उल्लेख है कि विद्यालयों के विलय, रूपांतरण और पुनर्गठन की प्रक्रिया को लागू करने के लिए स्कूल शिक्षा निदेशक द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। इसमें स्टाफ के स्थानांतरण और तर्कसंगत पुनर्विन्यास,स्वीकृत पदों का समायोजन,अभिलेखों,सामग्री, भूमि और भवन से संबंधित व्यवस्थाएं शामिल होगी।

स्थानीय लोगों में रीना भारद्वाज,ओम प्रकाश,राकेश शर्मा,गौरव,तरुण सहित अन्य ने कहा कि अर्की का कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उपमंडल का एक ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान रहा है। दशकों से यह बालिकाओं की शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है और क्षेत्र के अनेक परिवारों की स्मृतियां इससे जुड़ी हैं। कारगिल युद्ध में शहीद हुए कैप्टन विजयंत थापर के सम्मान में विद्यालय का नाम शहीद कैप्टन विजयंत थापर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की रखा गया था, जो क्षेत्र के लिए गौरव का विषय रहा है। प्रतिवर्ष शहीद के माता-पिता द्वारा विद्यालय में उत्कृष्ट छात्राओं को सम्मानित किया जाता रहा है।


विद्यालय को प्रधानमंत्री स्कूल्स फॉर राइजिंग इंडिया (पीएमश्री) योजना के अंतर्गत विशेष दर्जा भी प्रदान किया गया था। जिसके तहत आधुनिक अधोसंरचना, स्मार्ट कक्षाएं, प्रयोगशालाओं का उन्नयन और शिक्षकों के प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। अब सरकार द्वारा कन्या विद्यालय को बॉयज स्कूल में मर्ज करने और सह-शिक्षा विद्यालय बनाने के निर्णय के बाद स्थानीय स्तर पर लोग विद्यालय की ऐतिहासिक पहचान और भावनात्मक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए निर्णय पर पुनर्विचार की अपेक्षा जता रहे हैं। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा 18 फरवरी को जारी अधिसूचना के तहत प्रदेश के विभिन्न राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के विलय और पुनर्गठन का निर्णय लिया गया है। यह अधिसूचना सचिव (शिक्षा) राकेश कंवर,आईएएस द्वारा आदेशानुसार जारी की गई है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि छात्र एवं कन्या राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को मिलाकर सह-शिक्षा संस्थान के रूप में पुनर्गठित किया जाएगा तथा संबंधित विद्यालयों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध किया जाएगा।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page