ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत कुंहर के काटली-घड़याच निवासी 17 वर्षीय दिशा बंसल, पुत्री कलीराम, ने शोतोकान कप 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। यह प्रतियोगिता 9 और 10 अगस्त को केरल के त्रिशूर स्थित वीकेएन स्टार इनडोर स्टेडियम में आयोजित हुई।

दिशा के मामा अधिवक्ता प्रेमलाल सहगल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह राष्ट्रीय स्तर की कराटे प्रतियोगिता द वर्ल्ड शोतोकान कराटे-डो फेडरेशन इंडिया द्वारा आयोजित की गई थी, जो वर्ल्ड शोतोकान कराटे-डो फेडरेशन जापान से संबद्ध है। इसका आयोजन डब्ल्यूएसकेएफ केरल ने किया। इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 1500 प्रतिभागियों ने भाग लिया और अपनी कला का प्रदर्शन किया।

दिशा अब जापान में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। वर्तमान में वह सोलन के गीता आदर्श विद्यालय में +2 की छात्रा हैं। प्रेमलाल सहगल ने बताया कि उनकी भानजी दिशा को बचपन से ही कराटे का जुनून रहा है और उन्होंने इसकी शिक्षा सोलन से ही प्राप्त की है।

दिशा बंसल अब तक अनेक कराटे प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। 13 अगस्त 2025 को सोलन आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों में हर्ष और गर्व की लहर है।




