पूर्व सैनिक लीग अर्की और 14 GTC सुबाथू के जवानों ने दी श्रद्धांजलि
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत बड़ोग के गांव बड़ोग, डाकघर जोबड़ी से संबंध रखने वाले 86 वर्षीय पूर्व सैनिक सिपाही शेर सिंह का आज निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने भारतीय सेना की पंजाब रेजीमेंट में 15 वर्षों तक सेवा देकर देश की रक्षा की, और 1965 व 1971 की ऐतिहासिक युद्धों में भी भाग लिया। फरवरी 1963 में सेना में भर्ती हुए शेर सिंह फरवरी 1979 में सेवानिवृत्त हुए थे। सेना सेवा के उपरांत उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक में भी सेवाएं दी थी।

वे अपने पीछे तीन बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व सैनिक लीग अर्की की ओर से अध्यक्ष कैप्टन पदम देव ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन प्रेम चौहान, हवलदार रणजीत सिंह, सूबेदार अर्जुन सिंह, नायक देवराज महाजन, हवलदार श्रीराम, नायक नरेश कुमार, सिपाही गीता राम, हवलदार नागिन चंद, सूबेदार रूप लाल तंवर सहित कई पूर्व सैनिक मौके पर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी।

इस दौरान सुबाथू स्थित 14 जीटीसी से आए जवानों और पूर्व सैनिकों ने सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी। रीत चढ़ाने की पारंपरिक सैन्य प्रक्रिया पूर्ण श्रद्धा के साथ निभाई गई। अंतिम सलामी के साथ सिपाही शेर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पूर्व सैनिक शेर सिंह की देश सेवा और उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। उनका जीवन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत रहेगा।





