ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- विधायक संजय अवस्थी ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें राज्य सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाने के बजाय इस वर्ष के केंद्रीय बजट में हिमाचल प्रदेश के लिए आर्थिक मदद की पैरवी करनी चाहिए।

एक प्रेस विज्ञप्ति में अवस्थी ने कहा कि जयराम ठाकुर केवल मीडिया की सुर्खियों में बने रहने के लिए तथ्यहीन बयान जारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर वे वास्तव में हिमाचल के हितों के प्रति संवेदनशील हैं, तो केंद्र सरकार से राज्य के लिए आपदा राहत के 10,000 करोड़ रुपये जारी करने की मांग करें, जो 2023 की आपदा के बाद अब तक लंबित हैं।

अवस्थी ने कहा कि हिमाचल के कर्मचारियों की एनपीएस से संबंधित करीब 9,000 करोड़ रुपये भी केंद्र सरकार के पास अटके हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम ठाकुर दिल्ली जाकर प्रदेश को मिलने वाली आर्थिक सहायता में रोड़ा अटकाने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार पर फिजूलखर्ची का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी गलत नीतियों के कारण प्रदेश पर 75,000 करोड़ रुपये का कर्ज और कर्मचारियों की देनदारियों के रूप में 10,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ा। वर्तमान सरकार को अब इसी कर्ज का मूलधन और ब्याज चुकाने के लिए नए कर्ज लेने पड़ रहे हैं।

अवस्थी ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने पांच वर्षों तक डबल इंजन सरकार का नारा दिया, लेकिन राज्य के संसाधनों को बढ़ाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए, जिससे प्रदेश लगातार कर्ज के दलदल में फंसता गया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में मौजूदा सरकार आय के नए संसाधन जुटाने पर फोकस कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम आने लगे हैं।

