ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सेवानिवृत्त कल्याण संघ अर्की की मासिक बैठक 9 जनवरी 2025 को होटल हरिशरणम शिवघाटी अर्की में उपप्रधान राजेंद्र पाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 38 सदस्यों ने भाग लिया और विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

महासचिव सुशील गांधी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में विद्युत बोर्ड के 1 जनवरी 2025 से मेडिकल बिल ऑनलाइन पेश करने के आदेशों पर चिंता व्यक्त की गई। उन्होंने इन्हें पुराने पैटर्न पर जारी रखने का अनुरोध किया। इसके अलावा, राधा देवी, हरीनंद वर्मा, शीशराम, और रविंद्र ने संघ की सदस्यता ग्रहण की।

बैठक में यह भी मुद्दा उठाया गया कि जीत राम (फोरमैन), जो 31 मई 2023 को सेवानिवृत्त हुए थे, को अभी तक उनकी रिटायरमेंट ग्रेच्युटी नहीं मिली है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विभाग से इसे शीघ्र जारी करने की मांग की गई।

सदस्यों ने अर्की अस्पताल में पिछले दस महीनों से हड्डी रोग और बाल रोग विशेषज्ञ न होने पर भी चिंता जताई। संघ ने जनता की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के विधायक सजंय अवस्थी और स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल से इन डॉक्टरों की शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।



