ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज:- हिमाचल यूथ कांग्रेस ने प्रदेश स्तर पर कार्यकारिणी में युवा कार्यकर्ताओं की पदोन्नति की है। प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी ने एक अधिसूचना जारी करते हुए अर्की के युवा नेता और प्रदेश यूथ कांग्रेस सचिव शशिकांत शर्मा को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है।
शशिकांत शर्मा ने प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के लिए एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में निरंतर कार्य किया है। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान वे हरियाणा के सिरसा संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रभारी रहे। इसके पश्चात मंडी संसदीय क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार का हिस्सा रहे। इसके अलावा कर्नाटक और राजस्थान में भी चुनाव अभियानों के दौरान उन्होंने पार्टी के लिए प्रेरक के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं।
शशिकांत शर्मा वर्तमान में अर्की क्षेत्र के बलेरा वार्ड से बीडीसी सदस्य हैं। वे समय-समय पर अपने क्षेत्र की स्थानीय जन समस्याओं को प्रदेश स्तर पर उठाते रहते हैं और इन समस्याओं का समाधान करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं।
प्रदेश यूथ कांग्रेस में शशिकांत शर्मा की नियुक्ति से युवा कार्यकर्ताओं में उत्साह और उम्मीद जगी है कि वे अपनी नई भूमिका में भी उसी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उनकी इस पदोन्नति से अर्की क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।