ब्यूरो//दैनिक हिमाचल न्यूज़:- उपमण्डल अर्की के सरयांज से बाड़ीधार सड़क मार्ग पर बुधवार को ऐतिहासिक बाड़ी मेले के चलते वाहनों की लंबी लंबी कतारें लगी रही। सुबह करीब दस बजे से लगे जाम के कारण पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा । हालांकि इस दौरान पुलिस के जवान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रयासरत दिखाई दिए लेकिन वाहनों की अधिक आवाजाही होने से गाड़ियां रेंगती हुई अपने गंतव्य तक पहुंची ।

पैदल चलने वाले राहगीर राकेश ठाकुर,रविन्द्र कुमार,उर्मिला शर्मा,पंकज,जागृति,देवेन्द्र शर्मा,भुवनेश्वर ठाकुर,पंकज का कहना था कि इस सड़क मार्ग को चौड़ा किया जाना चाहिए ताकि आवागमन सही से हो । उन्होंने कहा कि जो लोग गलत जगह पर गाड़ी पार्किंग करते है उनके नियमानुसार चालान होने चाहिए । इसके साथ ही प्रशासन व सरकार द्वारा इस दिन छोटी गाड़ियों को बन्द कर बसों को चलाना चाहिए ताकि किसी को असुविधा न हो ।
