विश्व रेड क्रॉस दिवस के उपलक्ष्य पर सोलन में होगी विभिन्न गतिविधियां आयोजित: ज़फ़र इकबाल

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज :- जिला सोलन में 08 मई 2022 को विश्व रेड क्रॉस दिवस के उपलक्ष्य पर ‘बी हयुमेन काइंड’ थीम पर आधारित विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन ज़फर इकबाल गत दिवस विश्व रेड क्रॉस दिवस के आयोजन के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि विश्व रेड क्रॉस दिवस के दौरान निर्धारित थीम के तहत भाषण, चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिता तथा जागरूकता रैली का आयोजन भी किया जाएगा। स्कूल के बच्चों, नेहरू युवा केन्द्र के सदस्य तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षुओं द्वारा मास्क पहनकर पुराना उपायुक्त कार्यालय से विश्राम गृह तक एक जागरूकता रैली का आयोजन भी किया जाएगा।

विश्व रेड क्रॉस दिवस के सफल आयोजन के लिए उन्होंने रेड क्रॉस समिति के सदस्यों से पुराना उपायुक्त कार्यालय में 10 बजे एकत्रित होने का आग्रह किया। विश्व रेड क्रॉस दिवस के उपलक्ष्य पर क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में रोगियों तथा कुष्ठ रोगियों को समिति द्वारा फल भी वितरित किए जाएंगे।  
 ज़फर इकबाल ने कहा कि इस दौरान रेड क्रॉस के साथ नए सदस्य जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। विश्व रेड क्रॉस दिवस को सफल बनाने के लिए स्थानीय, गैर सरकारी संगठनों से जुड़े व्यक्तियों व सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इस दौरान औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में स्वास्थ्य विभाग द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि रक्तदान शिविर को सफल बनाने के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में शिविर में आकर रक्तदान कर पुण्य का भागीदार बनें ताकि जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद की जा सके।


उन्होंने कहा कि उपमण्डल स्तर पर भी विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बैठक में उपमण्डलाधिकारी सोलन विवेक शर्मा, सहायक आयुक्त भानु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजन उप्पल, जिला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा, रेड क्रॉस समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page