ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़:-(दाड़लाघाट) दाड़लाघाट वन परिक्षेत्र के अंर्तगत इन दिनों जंगली तेंदुए ग्रामवासियों को उनके गांव के आसपास घूमते हुए दिखाई दे रहे है।वन विभाग को इसकी निरंतर शिकायतें मिलने के बाद वन विभाग ने जनमानस को सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कई दिशा निर्देश जारी किए हैं।वन परिक्षेत्र अधिकारी दाड़लाघाट हीरा लाल शर्मा ने लोगों को परामर्श देते हुए कहा है कि तेंदुए के दिखने की स्थिति में तत्काल निकटतम वन अधिकारी,कर्मचारी को सूचना दें।गांव के आस-पास तेंदुए की उपस्थिति का पता लगते ही बच्चे,महिलाओं एवं वृद्धों को घर के भीतर रखें,जंगल के समीप अथवा गांव के बाहर तेंदुआ दिखे,तो जल्द से जल्द उससे दूर जाने का प्रयास करें।उन्होंने बताया कि रात्रि के समय छोटे बच्चों एवं बुजुर्गों को घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर रखें।अगर तेंदुआ से सामना हो जाए,तो दबे पांव पीछे की ओर हटें, इससे आत्मसुरक्षा का मौका मिलेगा।रात्रि के समय मवेशियों के बाड़े को अच्छी तरह से बंद करें,रात्रि के समय घर के बाहर लाइट जलाकर रखें।अगर किसी को भी जंगली जानवर मिलता या दिखता है तो वह न ही उसे मारने की कोशिश करे , न ही उससे किसी भी प्रकार की शरारत करे,क्योंकि ऐसा करने पर जंगली जानवर नुकसान पहुंचा सकता है।उन्होंने बताया कि खेतों में कार्य करने के लिए घासनी में घास काटने के लिए समूह में बाहर निकले व शोर मचाते हुए ही बाहर आए।हो सके तो कुछ दिनों तक रात के समय पर घर से बाहर न निकले।उन्होंने बताया कि पटाखे और ढोलक का उपयोग करें ताकि शोर सुनकर जंगली जानवर अन्य स्थानों के लिए भाग जाए।रात के समय यदि घर से बाहर जाना पड़े तो उपलों व जलती हुई लकड़ी का उपयोग करें।हीरा लाल शर्मा ने स्थानीय निवासियों की जागरूकता व सक्रिय सहयोग की आवश्यक रूप से अपेक्षा की है।

