गर्भावस्था से ही रखे शिशुओं का ध्यान:-कुलदीप सिंह चौहान

ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज़:-बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय सुजानपुर ने वीरवार को जंगलबैरी में आयुष विभाग के सहयोग से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत किशोरियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया।


इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने कहा कि बच्चों के सही विकास के लिए गर्भावस्था से ही उनके स्वास्थ्य और पोषण का ध्यान रखा जाना चाहिए। गर्भावस्था से लेकर दो वर्ष की आयु तक का समय किसी भी बच्चे के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण होता है। क्योंकि, बच्चे का सर्वाधिक विकास इसी कालखंड में होता है। अगर इस समय बच्चे की वृद्धि एवं विकास में त्रुटि रह जाए तो उसकी भरपाई करना मुश्किल होता है।
इसके बाद किशोरावस्था एक ऐसा कालखंड है जो वृद्धि एवं विकास के अवसरों का दूसरा द्वार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में मनुष्य अपने कुल भार का लगभग 40 प्रतिशत तथा अपनी लंबाई का लगभग 20 प्रतिशत भाग अर्जित करता है। स्वास्थ्य, विकास एवं वृद्धि की दृष्टि से यह समय अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दौरान भी पोषण का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी ने किशोरियों के संतुलित आहार तथा आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्वों के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी।


आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरजीत बेदी ने भी किशोरियों के सही पोषण, आहार योजना, आहार विविधता, सूक्ष्म तत्व पूरकता, बायोफोर्टिफिकेशन और परंपरागत आहार सहित पोषण के कई अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं से भी अवगत करवाया। शिविर के दौरान बीएमआई के माध्यम से किशोरियों के पोषण स्तर का भी आकलन किया गया तथा किशोरियों को एनीमिया से निदान हेतु आयुर्वेदिक औषधियों का भी वितरण किया गया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page