ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। सिविल अस्पताल अर्की में शुक्रवार को आशा कार्यकर्ताओं की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अस्पताल प्रभारी डॉ. बाल कृष्ण कौंडल ने की। बैठक में वृद्धजनों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, उनकी देखभाल, सामाजिक सुरक्षा और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर एचआईवी काउंसलिंग एवं टेस्टिंग सर्विसेज के काउंसलर डॉ. विजय कुमार शांडिल ने आशा कार्यकर्ताओं को वृद्धावस्था में होने वाली शारीरिक, मानसिक और सामाजिक समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बढ़ती उम्र के साथ बुजुर्गों को उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों में दर्द, आंखों एवं कानों की कमजोरी, नींद न आने, अकेलेपन और मानसिक तनाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इनसे बचाव और बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित जांच, समय पर दवाइयों का सेवन, पौष्टिक आहार और उचित व्यायाम जरूरी है।
उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में वृद्धजनों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा समय-समय पर उनके घर जाकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के साथ प्रेम, धैर्य और सम्मानपूर्वक व्यवहार करना चाहिए। उनकी बातों को ध्यान से सुनना और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने में सहयोग करना भी जरूरी है।
बैठक में अस्पताल के सुपरवाइजर भूषण वर्मा ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और ज्ञान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं को बुजुर्गों की समस्याओं को समझने, उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
बैठक का उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से समुदाय के वृद्धजनों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा उनके प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।


