एक ही दिन हाईकोर्ट क्लर्क और पटवारी परीक्षा, हजारों अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति

दिव्यज्योति युवा मंडल धलाया (धामी) ने उठाई मांग, 29 नवंबर को निर्धारित दोनों में से किसी एक परीक्षा की तिथि बदलने की अपील

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल प्रदेश में हाईकोर्ट क्लर्क और पटवारी भर्ती परीक्षा की तिथियां आपस में टकराने से हजारों अभ्यर्थियों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। दोनों परीक्षाएं 29 नवंबर को निर्धारित होने के कारण अभ्यर्थियों को किसी एक परीक्षा से वंचित रहने की आशंका सता रही है। इस समस्या को देखते हुए दिव्यज्योति युवा मंडल धलाया (धामी) ने प्रदेश सरकार, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय और हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) से किसी एक परीक्षा की तिथि बदलने की मांग उठाई है।

युवा मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की क्लर्क (जिला न्यायपालिका) भर्ती की स्क्रीनिंग परीक्षा 29 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित है। वहीं, हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर की ओर से पटवारी भर्ती (पोस्ट कोड 25027) की टैबलेट आधारित परीक्षा 23 से 30 नवंबर तक आयोजित की जा रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की पटवारी परीक्षा भी 29 नवंबर को निर्धारित हुई है।

युवा मंडल के अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने कहा कि अभ्यर्थियों ने दोनों भर्तियों के लिए अलग-अलग आवेदन शुल्क जमा करवाया है और महीनों तक मेहनत कर परीक्षाओं की तैयारी की है। ऐसे में एक ही दिन दोनों परीक्षाएं होने से उन्हें मजबूरन किसी एक परीक्षा को छोड़ना पड़ सकता है। इससे अभ्यर्थियों का आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ उनकी मेहनत और रोजगार पाने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी प्रभावित होगा।

युवा मंडल के सचिव डिम्पल शर्मा ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की तिथियां निर्धारित करते समय संबंधित विभागों और भर्ती संस्थाओं के बीच आपसी समन्वय होना चाहिए। समन्वय के अभाव में बेरोजगार युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जो उनके भविष्य के साथ अन्याय है।

युवा मंडल ने मांग की है कि उच्च न्यायालय अथवा एचपीआरसीए में से कोई एक संस्था 29 नवंबर को निर्धारित परीक्षा स्थगित कर नई तिथि घोषित करे। साथ ही भविष्य में सभी भर्ती आयोगों और विभागों के बीच परीक्षा कैलेंडर को लेकर बेहतर तालमेल स्थापित किया जाए, ताकि इस प्रकार की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। मंडल ने संबंधित संस्थाओं से मामले में शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है, ताकि अभ्यर्थियों को मानसिक परेशानी से राहत मिल सके।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page