अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के सहयोग से हुआ आयोजन, 35 प्रतिभागियों ने लिया भाग।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) में विद्यालय परिसर के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों की विद्यालय प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन, दाड़लाघाट के सहयोग से किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एसएमसी सदस्यों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना तथा विद्यालयों के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त अध्यापक एवं राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित मस्तराम शास्त्री ने मुख्य स्रोत व्यक्ति के रूप में शिरकत की। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय प्रबंधन समितियों की भूमिका, कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, आधारभूत सुविधाएं विकसित करने, अनुशासन बनाए रखने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में एसएमसी की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य लच्छी राम ठाकुर ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने एसएमसी सदस्यों से अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों को समझते हुए उनका सही तरीके से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के बेहतर विकास और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षकों, अभिभावकों तथा स्थानीय समुदाय के बीच आपसी सहयोग और समन्वय जरूरी है।
कार्यक्रम में सीएचटी यशपाल शर्मा, एसएमसी अध्यक्ष टेक चंद शर्मा तथा अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन दाड़लाघाट की समन्वयक आरती सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में विद्यालय परिसर के विभिन्न स्कूलों से लगभग 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और एसएमसी के प्रभावी संचालन तथा विद्यालयों के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। कार्यक्रम का समापन सभी सदस्यों द्वारा अपने-अपने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने के संकल्प के साथ हुआ।




