हिमाचल में बनाए गए 28 परीक्षा केंद्र, विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र जारी
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर 2026 की परीक्षाएं 25 नवंबर से शुरू होंगी और 14 जनवरी 2027 तक चलेंगी। इन परीक्षाओं के लिए हिमाचल प्रदेश में कुल 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

इग्नू की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार प्रदेश में 27 परीक्षा केंद्र राजकीय महाविद्यालयों में बनाए गए हैं, जबकि एक परीक्षा केंद्र जिला सिरमौर के केंद्रीय कारागार नाहन में जेल में बंद कैदियों के लिए बनाया गया है।
विश्वविद्यालय ने परीक्षा में बैठने वाले पात्र विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) जारी कर दिए हैं। विद्यार्थी इग्नू के समर्थ पोर्टल ignou.samarth.edu.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं और उसका प्रिंट निकाल सकते हैं।
परीक्षाओं की तारीखों और विषयों से जुड़ी पूरी जानकारी इग्नू की वेबसाइट पर उपलब्ध है। विद्यार्थी अधिक जानकारी के लिए अपने नजदीकी परीक्षा केंद्र या अध्ययन केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा इग्नू के क्षेत्रीय केंद्र शिमला के फोन नंबर 0177-2624612 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।



