ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- बी.एल. सेंट्रल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुनिहार के होनहार खिलाड़ी जिगर तंवर ने अपनी खेल प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिगर का चयन राष्ट्रीय स्तर की स्कूल गेम्स अंडर-19 बॉयज ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित कुनिहार और जिला सोलन में खुशी का माहौल है।

विद्यालय के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 26 से 30 नवंबर 2026 तक हरिवंश ताना भगत इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, रांची (झारखंड) में आयोजित होगी। इसमें जिगर तंवर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस उपलब्धि पर विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा और अध्यापक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष रतन तंवर ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिगर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने जिगर की इस सफलता के लिए शारीरिक शिक्षक अरुणा शर्मा एवं अमर देव, खिलाड़ी जिगर तंवर तथा उनके अभिभावक राकेश तंवर और ज्योति देवी को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिगर राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय, कुनिहार और जिला सोलन का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ और विद्यार्थियों ने भी जिगर को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।



