बणी मेले के समापन समारोह में उमड़ी लोगों की भीड़, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत को सहेजने में ग्रामीण मेलों की अहम भूमिका है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विकास खंड सोलन की ग्राम पंचायत जाबल-जमरोट के बणी गांव में दो दिवसीय बणी मेले का आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जहां दर्शकों का खूब मनोरंजन किया, वहीं ग्रामीण परिवेश में आपसी मेल-मिलाप और भाईचारे का माहौल भी देखने को मिला।

मेले के समापन अवसर पर प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा नेता डॉ. राजीव सैजल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं, सोलन विकास खंड की बीडीसी अध्यक्ष प्रोमिला कौशल विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। आयोजकों और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि मेले और त्योहार हमारी सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। हिमाचल के ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे आयोजन सदियों पुरानी लोक परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़े रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए युवाओं और बच्चों को ऐसे आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने बणी मेले की परंपरा को निरंतर बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना की।

विशेष अतिथि बीडीसी अध्यक्ष प्रोमिला कौशल ने अपने संबोधन में सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा से करेंगी। क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने मेले के सफल आयोजन में सहयोग के लिए अपनी निजी कमाई से 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। पंचायत उपप्रधान राजीव ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि मेले का शुभारंभ 14 नवंबर को ग्राम पंचायत पट्टाबरावरी के पूर्व उपप्रधान राम कौशल ने किया था। उन्होंने कहा कि राम कौशल का बणी मेले के आयोजन से पुराना जुड़ाव रहा है और वह लंबे समय से इसकी परंपरा को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देते आ रहे हैं। उनके सहयोग से मेले की सांस्कृतिक पहचान बनी हुई है।इस मौके पर ग्राम पंचायत जाबल-जमरोट के प्रधान वीरेंद्र कुमार, उपप्रधान राजीव ठाकुर, पूर्व प्रधान मनोहर लाल, वार्ड सदस्य रीना ठाकुर, पूर्व उपप्रधान राम कौशल, पूर्व प्रधान शीशपाल, राम स्वरूप शमी, वार्ड सदस्य राम स्वरूप ठाकुर, लालचंद, अमर चंद और जोगिंद्र सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।यह जानकारी पूर्व पंचायत समिति सदस्य डीडी कश्यप ने प्रेस को जारी बयान में दी।


