स्कूल की सुरक्षा दीवार के लिए 3 लाख और मुख्य द्वार की मरम्मत के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा, क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए 1.39 करोड़ स्वीकृत।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन में शुक्रवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह का शुभारंभ विभिन्न गतिविधियों के साथ हुआ। विधायक ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), इको क्लब तथा स्काउट एंड गाइड के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट का निरीक्षण किया और सलामी ली। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने अपनी सांस्कृतिक एवं अन्य प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रामरतन बंगा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर विद्यालय में आयोजित गतिविधियों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक संजय अवस्थी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और मेहनत के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से भी बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का आह्वान किया।

विधायक ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलकूद की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए कार्य कर रही है। समारोह के दौरान संजय अवस्थी ने विद्यालय की सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए 3 लाख रुपये तथा मुख्य द्वार की मरम्मत के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा धुंधन और टुइरू गांव के मोक्षधाम निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपये, आयोजन समिति को 21 हजार रुपये तथा विद्यार्थियों को मिठाई के लिए 5100 रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत धुंधन में विभिन्न विकास कार्यों के लिए अब तक 1.39 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव तक विकास कार्यों को पहुंचाया जा रहा है। समारोह के उपरांत विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य रितु ठाकुर, ग्राम पंचायत धुंधन की पूर्व प्रधान शकुंतला देवी, उपप्रधान यशवेंद्र राठौर, नरेश अवस्थी, दिनेश शर्मा, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता कृष्ण कांत चौहान, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे।



