पट्टा बरावरी पंचायत के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी, पार्टी संगठन पर अनदेखी के लगाए आरोप

पूर्व जिला उपाध्यक्ष डीडी कश्यप की अध्यक्षता में हुई बैठक, करीब 25 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लिया भाग

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। सोलन विकास खंड की पट्टा बरावरी पंचायत में कांग्रेस पार्टी के सक्रिय एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस कमेटी सोलन के पूर्व जिला उपाध्यक्ष डीडी कश्यप ने की। इसमें पट्टा बरावरी पंचायत के करीब 25 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और पार्टी संगठन की कार्यप्रणाली को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

बैठक को संबोधित करते हुए डीडी कश्यप ने कहा कि वर्तमान सरकार के गठन को लगभग चार वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन आज तक कसौली निर्वाचन क्षेत्र की मासिक बैठक में पट्टा बरावरी पंचायत के कार्यकर्ताओं को आमंत्रित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि ये बैठकें प्रत्येक माह मनसा माता मंदिर धर्मपुर में आयोजित होती हैं। इसके अतिरिक्त पंचायत के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विधायक के क्षेत्रीय दौरों की जानकारी भी नहीं दी जाती।

उन्होंने कहा कि वह लगभग 58 वर्षों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं और लंबे समय तक पार्टी के विभिन्न पदों पर रहकर संगठन के लिए कार्य करते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पट्टा बरावरी पंचायत के पुराने एवं समर्पित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके साथ कई पुराने कांग्रेसी कार्यकर्ता भी खड़े हैं, जिन्होंने वर्षों तक पार्टी के लिए अपनी सेवाएं दी हैं।

डीडी कश्यप ने बताया कि वह दो बार बीडीसी सदस्य भी रह चुके हैं। उनके साथ पूर्व उपाध्यक्ष कसौली कांग्रेस कमेटी सुखराम, जो तीन बार पट्टा बरावरी पंचायत के प्रधान रह चुके हैं, तथा पूर्व उपप्रधान राकेश कौंडल सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता भी बैठक में मौजूद रहे। उन्होंने कांग्रेस कमेटी सोलन के अध्यक्ष से आग्रह किया कि पट्टा बरावरी पंचायत के पुराने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की इस अनदेखी का संज्ञान लिया जाए और उनकी समस्याओं को संगठन के समक्ष उठाया जाए। बैठक में पूर्व प्रधान सुखराम, पूर्व उपप्रधान राकेश कौंडल, दीना नाथ गर्ग, प्रेम चंद कश्यप, पेंशनर कल्याण संगठन के कोषाध्यक्ष सहित लेखराम रघुवंशी, राकेश कुमार, रूप राम, अनिल, जय सिंह, मनसा राम, विरेंद्र कुमार, प्रकाश चंद, चेत राम, सुरजीत, राज कुमार और राम लाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने भी कसौली निर्वाचन क्षेत्र की कांग्रेस कमेटी पर पट्टा बरावरी पंचायत के पुराने कांग्रेसियों की अनदेखी करने के आरोप लगाए।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page