सानन में चौथी सुशील पाठक मेमोरियल बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित, नालागढ़ के तनवीर चौधरी ने सिंगल्स और डबल्स में मारी बाजी

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- ।उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत सानन के गांव सानन में चौथी सुशील पाठक मेमोरियल बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।


प्रतियोगिता के ओपन ग्रुप सिंगल्स मुकाबले में नालागढ़ के तनवीर चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि नालागढ़ के ही पर्व उपविजेता रहे। ओपन ग्रुप डबल्स मुकाबले में तनवीर चौधरी और पर्व की जोड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं, शिमला के अमन ठाकुर और कृषांत पांडे की जोड़ी उपविजेता रही। अंडर-14 सिंगल्स वर्ग में सानन के रुद्रांश पाठक ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया, जबकि देलग के महक उपविजेता रहे।
प्रतियोगिता के समापन पर स्थानीय पंचायत के उपप्रधान जितेंद्र कुमार ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार राशि के तहत ओपन सिंगल्स वर्ग में विजेता को 3,000 रुपये तथा उपविजेता को 2,000 रुपये, डबल्स वर्ग में विजेता जोड़ी को 4,000 रुपये तथा उपविजेता जोड़ी को 3,000 रुपये प्रदान किए गए। वहीं, अंडर-14 वर्ग में विजेता को 2,500 रुपये और उपविजेता को 1,500 रुपये की नकद राशि दी गई। सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल भी प्रदान किए गए।  गौरतलब है कि सुशील पाठक की स्मृति में आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता पिछले तीन वर्षों से मनमोहन पाठक की अगुवाई में कमेटी द्वारा लगातार करवाई जा रही है। प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए मंच प्रदान करना है।

इस अवसर पर स्थानीय पंचायत के उपप्रधान जितेंद्र कुमार, निशांत पाठक, मनमोहन पाठक, तिलकराज शर्मा,सचिन,पुनीत,दीपक और सार्थक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page