लड़ोग विद्यालय में एसएमसी की बैठक के साथ सजी दीपावली की रंगोलियां

वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की तैयारियों पर हुआ मंथन, रंगोली प्रतियोगिता में सावित्री बाई फूले सदन ने हासिल किया पहला स्थान

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राजकीय उच्च विद्यालय लड़ोग में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के आगामी वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की तैयारियों सहित शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में समारोह के सफल आयोजन, विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करने तथा सांस्कृतिक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने पर विचार-विमर्श हुआ। इसके अलावा विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक स्तर में सुधार, अनुशासन और विद्यालय में स्वच्छता बनाए रखने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। विद्यालय के मुख्याध्यापक सुरेश कुमार ने अभिभावकों और एसएमसी सदस्यों से विद्यालय के विकास में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई, नियमित उपस्थिति, अनुशासन और नैतिक मूल्यों पर विशेष ध्यान देने की अपील की। वहीं, दीपावली के उपलक्ष्य में विद्यालय के विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंगोली प्रतियोगिता में सावित्री बाई फूले सदन ने प्रथम, गांधी सदन ने द्वितीय तथा सुभाष सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, टीम भावना और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर एसएमसी प्रधान बबीता ठाकुर, उपप्रधान संतोष कुमारी, प्राथमिक विद्यालय की एसएमसी उपप्रधान गायत्री देवी, विद्यालय एडॉप्टर श्यामलाल चौधरी, सुंदर राम तंवर सहित एसएमसी के सदस्य और अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय की गतिविधियों की सराहना करते हुए इसके विकास में सहयोग देने का आश्वासन दिया। अंत में मुख्याध्यापक सुरेश कुमार ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page