ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट के अंग्रेजी एवं इतिहास विभाग द्वारा 5 नवंबर को शिमला स्थित बैंटोनी कैसल डिजिटल संग्रहालय का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया।

इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, स्थापत्य, कलात्मक एवं सांस्कृतिक विरासत से रूबरू करवाना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संग्रहालय में प्रदर्शित डिजिटल प्रस्तुतियों, टच स्क्रीन, वर्चुअल रियलिटी और मल्टीमीडिया तकनीक के माध्यम से प्रदेश के इतिहास, लोकसंस्कृति, हस्तशिल्प एवं पारंपरिक विरासत की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने आधुनिक तकनीक के जरिए ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन की प्रक्रिया को भी समझा। इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सपना डोगरा तथा इतिहास विभाग की विभागाध्यक्ष सहायक आचार्य भूवि शर्मा विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान महिमा, हिमांशी, स्वास्तिका, प्रीति, भावना और रिद्धि ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि डिजिटल संग्रहालय का भ्रमण उनके लिए एक अनूठा और ज्ञानवर्धक अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से इतिहास और संस्कृति को रोचक एवं प्रभावशाली तरीके से समझने का अवसर मिला। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए यादगार और ज्ञानवर्धक साबित हुआ। इससे उन्हें हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।



