ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घनागुघाट में प्रधानाचार्य अजय शर्मा की सेवानिवृत्ति पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनमें उनकी धर्मपत्नी बबिता शर्मा, माता मोहिनी शर्मा, सुपुत्री डॉ. नितिशा सहित अन्य परिजन शामिल रहे।

समारोह में स्कूल प्रशासन, स्टाफ और स्कूल प्रबंधन समिति ने अजय शर्मा को सम्मानित कर उनके कार्यकाल की सराहना की। एसएमसी अध्यक्ष प्रवीण कुमार की अगुवाई में समिति ने प्रधानाचार्य और उनके परिवार को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान खेमराज शास्त्री ने उनके सम्मान में प्रशस्ति पत्र पढ़ा, जबकि अशोक कुमार ने विद्यालय के विकास में उनके योगदान को याद किया। क्लस्टर स्कूलों से पहुंचे शिक्षक कर्म चंद और सुखराम ने कविताओं के माध्यम से उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली को प्रस्तुत किया।

इस दौरान पुष्पेंद्र कौशिक और सुनीता ठाकुर के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों और पहाड़ी लोकनृत्यों से कार्यक्रम में भाग लिया। स्कूल स्टाफ और मिनिस्ट्रीयल स्टाफ के सदस्यों ने अजय शर्मा को स्मृति चिह्न, मानपत्र और उपहार भेंट किए।
विदाई समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अजय शर्मा ने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति बेहद जरूरी हैं। उन्होंने शिक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए घनागुघाट क्लस्टर के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक विद्यालय को 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को 5 हजार रुपये की नकद राशि देकर प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में सुनीता ठाकुर ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, एसएमसी सदस्यों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर देवेंद्र कुमार, रेखा शर्मा, रोशन लाल, राजेंद्र राणा, रवि राणा, बबिता शर्मा, दीपांकर गिल, भावना चंदेल, मदन लाल सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।



