5 प्रतिशत डीए की घोषणा पेंशनरों के लिए ऊंट के मुंह में जीरा: धनीराम तनवर

पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने उठाई 15 प्रतिशत डीए और पूरा एरियर देने की मांग

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने मुख्यमंत्री द्वारा 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) देने की घोषणा पर असंतोष जताया है। एसोसिएशन के संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर और कार्यकारिणी ने इसे पेंशनरों की मांगों के अनुरूप नहीं बताते हुए कहा कि यह घोषणा ऊंट के मुंह में जीरा देने के समान है।

धनीराम तनवर ने कहा कि पेंशनरों की मांग थी कि दिवाली से पहले 15 प्रतिशत डीए के साथ पूरा एरियर जारी किया जाए, लेकिन केवल 5 प्रतिशत डीए देने की घोषणा से पेंशनरों को अपेक्षित राहत नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे कई पेंशनरों की मासिक पेंशन में लगभग एक हजार रुपये या इससे कुछ अधिक की बढ़ोतरी होगी, जबकि उनकी प्रमुख मांग लंबित वित्तीय लाभों का भुगतान करना है।उन्होंने एरियर के भुगतान को लेकर बाद में अलग से आदेश जारी करने की बात पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि पहले भी लंबित डीए और अन्य वित्तीय देनदारियों के भुगतान को लेकर इसी तरह आश्वासन दिए जाते रहे हैं, लेकिन पेंशनरों को अपनी पूरी बकाया राशि के लिए इंतजार करना पड़ता है। तनवर ने कहा कि पेंशनरों की लंबित देनदारियों का भुगतान किस्तों में किए जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान और निराशा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 5 प्रतिशत डीए की घोषणा से संतुष्ट होने के बजाय पेंशनरों की शेष मांगों और बकाया राशि के भुगतान पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन ने सरकार से मांग की है कि पेंशनरों को 15 प्रतिशत डीए देने और उनका पूरा लंबित एरियर जारी करने की घोषणा की जाए, ताकि उन्हें वास्तविक आर्थिक राहत मिल सके।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page