कुनिहार के देव कुरगन मंदिर में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 7 हजार रुपये बरामद

सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने सुलझाया मामला, 62 वर्षीय आरोपी न्यायिक हिरासत में।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। सोलन जिले के कुनिहार क्षेत्र के गांव कोठी स्थित देव कुरगन मंदिर के दानपात्र से नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी की गई लगभग 7,000 रुपये की नकदी भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, कुनिहार निवासी ललित मोहन ठाकुर ने 22 अक्टूबर, 2026 को पुलिस थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 18 अक्टूबर को दिन के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने गांव कोठी स्थित देव कुरगन मंदिर में प्रवेश कर दानपात्र से लगभग 7,000 रुपये चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना कुनिहार में एफआईआर संख्या 53/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(3) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कथित वारदात में संलिप्त आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने मामले में खेम चन्द निवासी गांव तंगड़ी, डाकघर भारती, तहसील एवं जिला सोलन को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी से संबंधित कार्रवाई के दौरान चोरी की गई नकदी भी बरामद कर ली गई है। आरोपी को 24 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की पुष्टि एसपी सोलन ने की है,उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page