आईटीबीपी की 30वीं वाहिनी जालंधर को भी मिला ‘सर्वत्र स्वच्छ वाहिनी’ पुरस्कार।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- नगर पंचायत अर्की निवासी एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 30वीं वाहिनी जालंधर के कमांडेंट पवन गुप्ता को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित डीजी गोल्डन डिस्क पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राजस्थान के अलवर में बल के 65वें स्थापना दिवस समारोह में आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर (भा.प्र.से.) ने उन्हें दो सितारों और प्रशस्ति पत्र के साथ यह सम्मान प्रदान किया।

समारोह में 30वीं वाहिनी जालंधर को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘सर्वत्र स्वच्छ वाहिनी’ पुरस्कार भी मिला। वाहिनी की ओर से कमांडेंट पवन गुप्ता ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। व्यक्तिगत सम्मान के साथ वाहिनी को मिली इस उपलब्धि ने पवन गुप्ता और उनकी टीम की सफलता में एक और उपलब्धि जोड़ दी है।
पवन गुप्ता इससे पहले श्रीनगर में सेकेंड-इन-कमांड के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वह 30वीं वाहिनी जालंधर के कमांडेंट के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
सम्मान समारोह में पवन गुप्ता की धर्मपत्नी नविता गुप्ता सहित उनके परिजन भी मौजूद रहे। उनकी इस उपलब्धि से गृह क्षेत्र अर्की में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से पवन गुप्ता ने क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।


