भूमती विद्यालय में सात दिवसीय एनएसएस शिविर शुरू, 50 स्वयंसेवी विद्यार्थी ले रहे भाग।

सेवानिवृत्त कैप्टन बाबूराम ने किया शिविर का शुभारंभ, विद्यार्थियों को समाज सेवा के लिए किया प्रेरित।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमती में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर के उद्घाटन समारोह में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त कैप्टन बाबूराम ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के स्वागत के साथ हुई।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी चन्द्रमणि महंत ने बताया कि इस विशेष शिविर में विद्यालय के 50 स्वयंसेवी विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में समाज सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामुदायिक सहयोग और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना है। शिविर के दौरान स्वयंसेवी विद्यार्थी विभिन्न सामाजिक जागरूकता गतिविधियों, स्वच्छता अभियानों और सामुदायिक सेवा के कार्यों में भाग लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझेंगे।


मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कैप्टन बाबूराम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने तथा निःस्वार्थ भाव से सेवा कार्यों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य अंकित कौंडल ने विद्यार्थियों को एनएसएस के उद्देश्यों को अपने जीवन में अपनाने और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संतोष ठाकुर,एसएमसी अध्यक्ष विभूति शर्मा, निशा ठाकुर सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page