ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत ग्राम पंचायत हनुमान बड़ोग के डमलाणा में आयोजित दशहरा उत्सव में समाजसेवी हेमंत तनवर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर युवक मंडल डमलाणा की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया तथा शॉल-टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हेमंत तनवर ने अपनी नेक कमाई में से 51 हजार रुपये की सहयोग राशि देकर आयोजन के प्रति अपना सहयोग भी प्रदान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेमंत तनवर ने क्षेत्रवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, धर्म, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन हर परिस्थिति में मर्यादा और आदर्शों का पालन किया। हमें भी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए और अपने परिवार, समाज तथा देश के प्रति कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

हेमंत तनवर ने कहा कि दशहरा केवल बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त कर अच्छे विचारों और संस्कारों को अपनाने का संदेश भी देता है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और मर्यादाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान कांता शर्मा,उपप्रधान नरेश ठाकुर,पूर्व जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश वैध,युवक मंडल डमलाणा के प्रधान चंद्र प्रकाश शर्मा, उपप्रधान ललित गौतम, निदेशक उमेश गर्ग, मंच संचालक ईश्वर दत्त शर्मा,लेखराम शर्मा सहित बहुत से गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। युवक मंडल डमलाणा की ओर से आयोजित रामलीला मंचन ने उपस्थित लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके मर्यादित जीवन से रूबरू करवाया। दशहरा उत्सव के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का संदेश दिया गया।


