दिवाली से पहले पुलिस पेंशनर्स को 15 प्रतिशत डीए का भुगतान करे सरकार: पुलिस पेंशनर्स कल्याण संघ

सोलन संघ ने बकाया महंगाई भत्ते की राशि जल्द जारी करने और मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाने की उठाई मांग

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- पुलिस पेंशनर्स कल्याण संघ, जिला सोलन ने प्रदेश सरकार से दिवाली पर्व से पहले पुलिस पेंशनर्स के बकाया 15 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान करने की मांग उठाई है। संघ के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने सरकार से आग्रह किया है कि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारियों की लंबित वित्तीय देनदारियों का जल्द निपटारा किया जाए, ताकि वे अपने परिवारों के साथ दिवाली का त्योहार खुशी से मना सकें।

संघ के जिला संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार, अध्यक्ष पुष्पा सूद, कार्यकारी अध्यक्ष नेकीराम तथा संतराम चंदेल, पतराम, चमनलाल, जीतराम, दीप राम ठाकुर, नागेंद्र ठाकुर, प्रेम कंवर, बेद ठाकुर, शामलाल ठाकुर, जसबीर सिंह, सतपाल शर्मा, जीतराम भारद्वाज, शामलाल भाटिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल के दौरान प्रदेश की कानून-व्यवस्था बनाए रखने, जनता की सुरक्षा करने और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने दिन-रात अपनी ड्यूटी निभाते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया है।संघ ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद अनेक पुलिस पेंशनर्स को बढ़ती महंगाई, दवाइयों और दैनिक जरूरतों के खर्चों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लंबे समय से लंबित महंगाई भत्ते की राशि उनके लिए बड़ी आर्थिक राहत साबित हो सकती है। संघ का कहना है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके वित्तीय लाभ समय पर मिलना चाहिए, ताकि उन्हें बुढ़ापे में आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

संघ ने यह भी मांग की कि पुलिस पेंशनर्स के मेडिकल बिलों के भुगतान के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाया जाए, ताकि चिकित्सा खर्चों की प्रतिपूर्ति में हो रही देरी दूर हो सके। पदाधिकारियों ने कहा कि जिन कर्मचारियों ने अपने सेवाकाल में प्रदेश की सुरक्षा के लिए निरंतर सेवाएं दी हैं, उनकी लंबित देनदारियों के भुगतान को भी सरकार प्राथमिकता दे। पुलिस पेंशनर्स कल्याण संघ, जिला सोलन ने प्रदेश सरकार से 15 प्रतिशत बकाया डीए का भुगतान दिवाली से पहले सुनिश्चित करने और मेडिकल बिलों की अदायगी के लिए पर्याप्त बजट जारी करने का आग्रह किया है। संघ ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page