जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में बी.एल. स्कूल कुनिहार का दबदबा, तीन छात्राओं ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

काव्या ने सीनियर वर्ग में पाया दूसरा स्थान, समीक्षा जोशी प्रथम रहकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुनिहार की छात्राओं ने जिला स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उपलब्धियां हासिल कीं। इनमें तीन छात्राओं का प्रदर्शन विशेष रूप से सराहनीय रहा।

16 और 17 अक्टूबर, 2026 को दून वैली पब्लिक स्कूल, नालागढ़ में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस में विद्यालय की 13 छात्राओं ने भाग लिया। उनके साथ भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता मुकुल भारद्वाज और टीजीटी नॉन-मेडिकल पालवी गुप्ता मार्गदर्शक शिक्षक के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर ने बताया कि छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता की प्रोजेक्ट रिपोर्ट श्रेणी के जूनियर वर्ग में दिव्या चौहान ने शीर्ष आठ प्रतिभागियों में स्थान हासिल किया। वहीं, गतिविधि कॉर्नर के सीनियर वर्ग में काव्या ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसी श्रेणी के सीनियर सेकेंडरी वर्ग में समीक्षा जोशी ने प्रथम स्थान हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का गौरव प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के दौरान सोलन के उप जिला शिक्षा अधिकारी राज कुमार पराशर ने मुख्य अतिथि तथा प्रारंभिक शिक्षा की उपनिदेशक रीता गुप्ता ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। बाल विज्ञान कांग्रेस के सुपरवाइजर अमरीश सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गोपाल शर्मा और अभिभावक-अध्यापक संघ के अध्यक्ष ने प्रतियोगिता प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर, विज्ञान संकाय के शिक्षकों, विजेता छात्राओं और समस्त विद्यालय स्टाफ को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने समीक्षा जोशी को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि छात्राएं आगामी चरण में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।

इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने छात्राओं की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास को दिया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page