11 सितंबर को शिक्षा निदेशालय ने जारी की थी राशि, दो बार बोर्ड अध्यक्ष से मिलने के बाद भी नहीं हुआ भुगतान।
ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज- हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित एरियर भुगतान का मामला एक बार फिर चर्चा में है। उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत पल्लोग के माजू गांव निवासी तथा स्कूल शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त अनुभाग अधिकारी धर्मसिंह चौहान ने 65 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को अब तक एरियर का भुगतान न होने पर चिंता जताई है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मामले में हस्तक्षेप कर वरिष्ठ पेंशनरों को उनका बकाया भुगतान जल्द जारी करवाने की गुहार लगाई है।

धर्मसिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि 11 सितंबर, 2026 को शिक्षा निदेशालय की ओर से हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को 29 करोड़ रुपये जारी किए गए थे। इस राशि के जारी होने से पेंशनरों को उम्मीद जगी थी कि 65 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को उनके लंबित एरियर का भुगतान कर दिया जाएगा। हालांकि, काफी समय बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं होने से वरिष्ठ पेंशनरों में निराशा बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड पेंशनर कल्याण संघ के सदस्य 11 सितम्बर के बाद दो बार बोर्ड अध्यक्ष से मिले। संघ की ओर से 15 अक्टूबर, 2026 को भी सचिव एवं अध्यक्ष के समक्ष 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के पेंशनरों का लंबित एरियर जारी करने का अनुरोध किया गया। इसके बावजूद भुगतान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
धर्मसिंह चौहान ने कहा कि पेंशनरों को उम्मीद थी कि शिक्षा निदेशालय से राशि जारी होने के बाद उनकी लंबित देनदारियों के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। लेकिन बार-बार आग्रह करने के बाद भी भुगतान नहीं होने से बुजुर्ग पेंशनरों को निराशा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बोर्ड प्रशासन के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए ऐसा प्रतीत हो रहा है कि भुगतान को लेकर अभी गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और संबंधित विभाग तथा बोर्ड प्रशासन को 65 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों के लंबित एरियर का भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि जीवन के इस पड़ाव में पेंशनरों को अपने बकाया भुगतान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए सरकार को संवेदनशीलता के साथ कदम उठाने चाहिए।
दीपावली पर 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते की उम्मीद
धर्मसिंह चौहान ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार दीपावली के अवसर पर कर्मचारियों और पेंशनरों को 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) की सौगात दे सकती है। हालांकि, उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि जब हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के पेंशनरों को उनके लंबित एरियर का भुगतान ही नहीं हो पा रहा है, तो महंगाई भत्ते का लाभ मिलने को लेकर भी असमंजस बना हुआ है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि पेंशनरों की लंबित देनदारियों को प्राथमिकता से निपटाया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।


