ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय अर्की के वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों ने 16 से 18 अक्टूबर, 2026 तक डॉ. अरुण ठाकुर, असिस्टेंट प्रोफेसर के नेतृत्व में पांवटा साहिब स्थित तिरुपति वेलनेस कंपनी का औद्योगिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विनिर्माण एवं उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की और व्यावहारिक ज्ञान के माध्यम से भविष्य में करियर निर्माण तथा रोजगार के अवसरों में इसके महत्व को समझा।

महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. राजन तनवर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस औद्योगिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योगों की कार्यप्रणाली से परिचित करवाना तथा उनके सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना था। भ्रमण के दौरान तिरुपति वेलनेस कंपनी के प्रबंधकों ने विद्यार्थियों को उत्पादन एवं विनिर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में इन प्रक्रियाओं का क्या महत्व है और भविष्य में रोजगार प्राप्त करने तथा करियर को आगे बढ़ाने में यह ज्ञान किस प्रकार उपयोगी साबित हो सकता है।
इस शैक्षणिक यात्रा के दौरान विद्यार्थियों और भ्रमण प्रभारी डॉ. अरुण ठाकुर ने राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में भी भाग लिया। संगोष्ठी का विषय “इंडियन इकोनॉमी इन द चैलेंजिंग ग्लोबल सिनेरियो: ऑपर्च्युनिटीज एंड चैलेंजेज” था। इसमें विद्यार्थियों को वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था के समक्ष मौजूद अवसरों और चुनौतियों को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अरुण ठाकुर ने तिरुपति वेलनेस कंपनी के प्रबंधकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन ने सीमित समय में विद्यार्थियों के लिए इस शैक्षणिक भ्रमण की व्यवस्था सुनिश्चित की और उन्हें उद्योगों की कार्यप्रणाली को करीब से जानने का अवसर प्रदान किया। यह अनुभव विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं लाभप्रद रहा।
महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. मस्तराम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की शैक्षणिक यात्राएं विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास विकसित होता है और वे शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में रोजगार हासिल करने और व्यावसायिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए इस प्रकार के अनुभव उपयोगी साबित होंगे।
इस औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों को उद्योग जगत की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया और रोजगार की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।


