25 राज्यों के 400 पेंशनर प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय सम्मेलन में उठाए पेंशनर हितों के मुद्दे

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक एवं स्मारिका विमोचन समारोह 3 व 4 अक्तूबर को कोटा, राजस्थान में आयोजित किया गया। इसकी जानकारी भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आर.पी. जोशी ने दी।

आर.पी. जोशी ने बताया कि राष्ट्रीय आयोजन में 25 राज्यों से करीब 400 पेंशनर कर्मचारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में पेंशनरों की लंबित मांगों, सम्मानजनक पेंशन, महंगाई राहत, चिकित्सा सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर मंथन किया गया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर, कोटा की विधायक कल्पना, विधायक संजीव तथा नगर निगम कोटा की महापौर अनुसूया सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। राजस्थान सरकार की ओर से पेंशनरों से जुड़े जायज विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की ओर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम शर्मा, ब्रह्मानंद शर्मा, मदन लाल, बलराम पुरी, एस.एस. मल्होत्रा तथा आर.पी. जोशी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भाग लिया और प्रदेश के पेंशनरों से संबंधित समस्याओं को राष्ट्रीय मंच पर रखा।
जोशी ने बताया कि अगली राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक 6 व 7 फरवरी 2027 को दुर्ग, रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। सम्मेलन में देशभर के पेंशनरों की एकजुटता और संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page