ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत पलोग के प्रसिद्ध बाल दिवस मेला मांझू की तैयारियों को लेकर श्री देव कुरगण मंदिर, मांझू के प्रांगण में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह मेला प्रतिवर्ष 13 और 14 नवंबर को आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी मेले के सफल आयोजन के लिए सर्वसम्मति से मेला कमेटी का गठन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी बाबू राम शर्मा ने की। उपस्थित ग्रामवासियों की सर्वसम्मति से सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कर्मचंद शर्मा को मेला कमेटी का अध्यक्ष, पुरुषोत्तम दास शर्मा को उपाध्यक्ष, मेहर चंद चौहान को सचिव तथा भारतेन्दु शर्मा को सह-सचिव चुना गया।
इसके अलावा रघुवीर सिंह को मुख्य सलाहकार, रमेश कुमार शर्मा को कोषाध्यक्ष, बाबू राम शर्मा को लेखा निरीक्षक तथा संतोष छेत्री को खेल निरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में मेले को भव्य एवं सफल बनाने के लिए ग्रामवासियों से सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया गया। आयोजकों ने कहा कि बाल दिवस मेला क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण अवसर है। मेले को यादगार बनाने के लिए सभी मिल-जुलकर प्रयास करेंगे।
बाल दिवस मेला मांझू का आयोजन 13 और 14 नवंबर 2026 को श्री देव कुरगण मंदिर प्रांगण, मांझू में किया जाएगा।
बैठक में मेला कमेटी के पूर्व प्रधान वेद प्रकाश चौहान, ज्ञानचंद शर्मा, गोपाल शर्मा, प्रेमलाल भार्गव, चमन सिंह चौहान, राजेश कुमार, महेंद्र बिष्ट व लक्की सहित अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।



