ब्यूरो,दैनिक हिमाचल न्यूज। उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमती में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से रूबरू करवाने के उद्देश्य से हेड बॉय और हेड गर्ल का चुनाव करवाया गया। चुनाव में विद्यालय के 325 विद्यार्थियों ने मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।

चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई। ईएलसी प्रभारी रमेश तनवर ने विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार, निष्पक्ष मतदान और योग्य प्रतिनिधि चुनने के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मत महत्वपूर्ण होता है और मतदाता को अपने प्रतिनिधि का चयन सोच-समझकर करना चाहिए।
सुबह 10:30 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए विद्यालय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। अध्यापकों और विद्यार्थियों ने चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाई।
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए गए। धीरज शर्मा को हेड बॉय और पलक ठाकुर को हेड गर्ल चुना गया।
विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य अंकित कौण्डल ने विद्यार्थियों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, निर्णय लेने और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने नवनिर्वाचित हेड बॉय और हेड गर्ल को शुभकामनाएं दीं।



