सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर हासिल की सफलता, चेन्नई में प्राप्त करेंगे सैन्य प्रशिक्षण।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। बी.एल. सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार के पूर्व होनहार छात्र आयुष ठाकुर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर विद्यालय, कुनिहार क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। आयुष की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजनों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने आयुष ठाकुर की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आयुष विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, मेहनत और लगन के लिए जाने जाते थे। सीडीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है।

गोपाल शर्मा ने बताया कि आयुष के पिता महेंद्र ठाकुर सरकारी विद्यालय में इतिहास के प्रवक्ता हैं, जबकि माता अर्चना ठाकुर गृहिणी हैं। उन्होंने आयुष और उनके माता-पिता को इस उपलब्धि पर बधाई दी।
आयुष ठाकुर अब चेन्नई में सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे भारतीय सेना में अपनी सेवाएं देंगे। अपनी सफलता का श्रेय आयुष ने अपने माता-पिता, विद्यालय और गुरुजनों को देते हुए कहा कि परिवार के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय से मिले संस्कारों ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयुष की उपलब्धि पर पीटीए अध्यक्ष, विद्यालय के समस्त अध्यापकों, क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


