ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय मिडल स्कूल बंगोरा की छात्राओं ने अंडर-14 छात्राओं की जिला स्तरीय माइनर एवं मेजर खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए वॉलीबॉल चैंपियनशिप अपने नाम की। 76 सरकारी एवं निजी विद्यालयों की करीब 800 छात्राओं के बीच बंगोरा की टीम ने यह उपलब्धि हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

कुनिहार में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में बंगोरा स्कूल की टीम ने वॉलीबाल में डगशाई, कुफटु, दाड़लाघाट, धायला की टीमों को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में बंगोरा की छात्राओं ने कोहू की टीम को 3-0 से पराजित कर वॉलीबॉल का खिताब अपने नाम किया।
खिताबी जीत के बाद विद्यालय पहुंचने पर विजेता छात्राओं का विद्यालय परिवार और स्कूल प्रबंधन समिति ने स्वागत किया। इस दौरान छात्राओं को बधाई देते हुए उनकी मेहनत और उपलब्धि की सराहना की गई।
गौरतलब है कि राजकीय मिडल स्कूल बंगोरा में शारीरिक शिक्षक की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद छात्राओं ने कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के दम पर जिला स्तर पर यह शानदार सफलता हासिल की।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। उन्होंने बंगोरा की विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार और एसएमसी ने छात्राओं की सफलता पर खुशी जताते हुए खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



