ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज – कुनिहार में आयोजित अंडर-19 बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पीएम श्री एससीवीटी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्की के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक हासिल कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की।

प्रतियोगिता में विद्यालय के मानस, जतिन, चिराग और मोहित ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं रोहित और स्वारित ने रजत पदक, जबकि ध्रुव और दीक्षित ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
विद्यालय के खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर प्रधानाचार्य हेम राज गौड़ ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों एवं उनके मेंटर्स को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय की इस उपलब्धि से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी की लहर है। खिलाड़ियों की सफलता ने विद्यालय का नाम रोशन करने के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया है।


