ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज। राष्ट्रीय सैनिक संस्था के 19वें राष्ट्रीय अधिवेशन में हिमाचल प्रदेश के राज्य संयोजक आर. पी. जोशी को संगठन के प्रति सक्रिय योगदान एवं सहभागिता के लिए विशेष सम्मान से नवाजा गया।

सिकंदराबाद स्थित एमसीईएमई सभागार में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आर. पी. जोशी को सम्मान पदक एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

अधिवेशन का मुख्य विषय “विकसित भारत 2047—पूर्व सैनिकों एवं राष्ट्रभक्त नागरिकों की भूमिका” रहा। देशभर से पहुंचे पूर्व सैनिकों एवं राष्ट्रभक्त नागरिकों की मौजूदगी में हिमाचल प्रदेश के राज्य संयोजक को मिला यह सम्मान उनके संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्रसेवा में सक्रिय भूमिका को रेखांकित करता है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद आर. पी. जोशी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत गौरव का विषय होने के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के सभी पूर्व सैनिकों, सैनिक परिवारों और राष्ट्रभक्त नागरिकों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में भी राष्ट्रहित और समाजसेवा से जुड़े कार्यों में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपना योगदान देते रहेंगे।



