ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में अम्बुजा फाउंडेशन द्वारा तैयार की गई नई लाइब्रेरी का एसएमसी चेयरमैन ओम प्रकाश शर्मा ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर अम्बुजा फाउंडेशन की ओर से आरती सोनी भी मौजूद रहीं।

निरीक्षण के दौरान एसएमसी चेयरमैन ने लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं, पुस्तकों की व्यवस्था तथा विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अध्ययन संसाधनों का जायजा लिया। उन्होंने लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में आधुनिक एवं सुविधाजनक लाइब्रेरी का निर्माण विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि विकसित होगी और उन्हें ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी पुस्तकों का लाभ मिलेगा।

ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अम्बुजा फाउंडेशन द्वारा विद्यालय को दिया गया सहयोग सराहनीय है। इस तरह के प्रयास विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों एवं समस्त एसएमसी समिति की ओर से अम्बुजा फाउंडेशन का विशेष धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। एसएमसी चेयरमैन ओम प्रकाश शर्मा तथा समस्त एसएमसी सदस्यों ने अम्बुजा फाउंडेशन से जुड़े सभी सदस्यों को इस सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।



