ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- राजकीय महाविद्यालय दाड़लाघाट में अभिभावक-शिक्षक संघ की आम सभा 12 सितंबर 2026 को प्रातः 11:30 बजे महाविद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी।

बैठक का उद्देश्य महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं विकासात्मक कार्यों में अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
बैठक में अभिभावक-शिक्षक संघ की नई कार्यकारिणी का गठन, विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार, महाविद्यालय के विकास कार्यों सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस दौरान अभिभावकों से उनके सुझाव भी लिए जाएंगे।

महाविद्यालय प्रशासन ने सभी अभिभावकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर बैठक में उपस्थित होकर अपने सुझाव एवं सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है। प्राचार्या डॉ. रुचि रमेश ने कहा कि अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के शैक्षणिक, व्यक्तिगत एवं समग्र विकास को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




