विधायक संजय अवस्थी ने किया शुभारंभ, रक्तदाताओं को किया सम्मानित।
ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार को संत निरंकारी सत्संग भवन अर्की में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 138 से अधिक लोगों ने रक्तदान के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई, जबकि 97 लोगों ने रक्तदान किया।

शिविर का शुभारंभ अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने किया। इस अवसर पर संत निरंकारी मिशन अर्की शाखा के मुखी गरीब दास, संयोजक विद्यासागर ठाकुर (दाड़लाघाट), मुखी ऊषा अरोड़ा (कुनिहार) तथा सेवादल अधिकारी-शिक्षक नरेंद्र शर्मा (अर्की), विशाल कंवर (कुनिहार) और विजय (दाड़लाघाट) सहित सेवादल के सदस्य उपस्थित रहे।

विधायक संजय अवस्थी ने संत निरंकारी मिशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान भी मिशन के स्वयंसेवकों ने विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्य किए। उन्होंने आयोजन व्यवस्था के लिए संत निरंकारी मिशन की अर्की शाखा को अपनी ओर से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की।

शिविर में एम्स बिलासपुर और क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के ब्लड बैंक की टीमों ने रक्त संग्रह किया। रक्तदाताओं में महिलाओं ने भी भाग लिया। शाखा अर्की के मुखी प्रभारी गरीब दास ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे मानवता की सेवा बताया।

इस अवसर पर विरासत संगठन अर्की की अध्यक्ष एवं समाजसेविका मयूराक्षी सिंह, विरासत संगठन की उपाध्यक्ष एवं नगर पंचायत अर्की के वार्ड नंबर-1 की पार्षद रंजना कालिया, नगर पंचायत अर्की की प्रधान सीमा शर्मा तथा वार्ड नंबर-7 के पार्षद अनुज गुप्ता सहित अन्य रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया गया।

रक्तदाताओं को मिशन की पत्रिका के साथ हिमाचली टोपी, मफलर और स्टॉल देकर सम्मानित किया गया।
गरीब दास ने बताया कि वर्ष 1986 में बाबा हरदेव सिंह जी महाराज द्वारा रक्तदान अभियान की शुरुआत की गई थी। मिशन के अनुसार, इसके बाद देशभर में करीब 9,000 रक्तदान शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनमें लगभग 15 लाख यूनिट रक्त एकत्र किया गया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंदों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।


