सुनीता नेगी बनीं राजकीय महाविद्यालय दिग्गल अभिभावक-शिक्षक संघ की अध्यक्ष।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज– राजकीय महाविद्यालय दिग्गल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अभिभावक-शिक्षक संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी प्राचार्य डॉ. हेत राम ने की, जबकि संचालन महाविद्यालय अधीक्षक पूर्ण ठाकुर ने किया।


बैठक के दौरान पूर्व कार्यकारिणी के कार्यकाल की समीक्षा की गई तथा गत सत्र के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात सर्वसम्मति से पूर्व कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।


नई कार्यकारिणी में सुनीता नेगी को अध्यक्ष, सतीश कुमार एवं श्याम लाल पाल को उपाध्यक्ष, बाबू राम को कोषाध्यक्ष, रामेश्वर एवं नीलम को सह-सचिव तथा जयसिंह कौशल को सलाहकार चुना गया। वहीं महाविद्यालय के प्राध्यापक सदस्यों में से डॉ. सुदर्शन शर्मा को सचिव नियुक्त किया गया।


बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास, अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय तथा महाविद्यालय की आगामी गतिविधियों एवं विकास कार्यों में अभिभावक-शिक्षक संघ की सक्रिय भागीदारी को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।


इसके अलावा महाविद्यालय में रिक्त पदों को भरने, सुरक्षा की दृष्टि से चारदीवारी के निर्माण एवं मरम्मत, खेल मैदान की आवश्यक मरम्मत व रखरखाव तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास एवं सुधार पर भी चर्चा हुई। आगामी सत्र की विभिन्न गतिविधियों और भविष्य की विकास योजनाओं में संघ के सहयोग एवं सहभागिता को लेकर भी विचार साझा किए गए।
प्राचार्य डॉ. हेत राम ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए महाविद्यालय के विकास तथा विद्यार्थियों के हित में सभी से सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page