ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- भारती एयरटेल फाउंडेशन के सहयोग से धुन्दन ब्लॉक में शनिवार को ब्लॉक स्तरीय मैथ एवं स्पेल विजार्ड प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अर्की एवं धुन्दन ब्लॉक के 8 विद्यालयों से कक्षा आठवीं के कुल 28 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यातिथि प्रधानाचार्य राम रत्तन बग्गा ने किया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणितीय दक्षता, भाषाई कौशल, तार्किक चिंतन तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करना रहा। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

स्पेल विजार्ड प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक पाठशाला धुन्दन के मृदुल एवं नव्या ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय उच्च माध्यमिक पाठशाला दानोघाट के पीयूष एवं दिव्यांश दूसरे तथा राजकीय माध्यमिक पाठशाला छामला के कपिल शर्मा एवं भरत तीसरे स्थान पर रहे।

मैथ विजार्ड प्रतियोगिता में राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक पाठशाला धुन्दन की दीक्षा एवं निहारिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय माध्यमिक पाठशाला छामला के भरत एवं कपिल शर्मा ने दूसरा तथा राजकीय उच्च पाठशाला भरारीघाट के हिमेश एवं आर्यन ने तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र एवं आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं भारती एयरटेल फाउंडेशन की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के संचालन एवं समन्वय में अकादमिक मेंटर्स सैमुअल मैसी और प्रशांत पराशर की भूमिका सराहनीय रही। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य, शिक्षक, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुई।


