पूर्व सैनिक लीग अर्की ने धूमधाम से मनाया 12वां स्थापना दिवस

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- पूर्व सैनिक लीग अर्की ने बुधवार को बातल स्थित सैनिक सामुदायिक भवन में अपना 12वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया।

कार्यक्रम में समाजसेविका मयूराक्षी सिंह ने मुख्यातिथि, जबकि समाजसेवी सोनू सोनी ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद स्मारक पर वीर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर स्थानीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचली संस्कृति की झलक भी प्रस्तुत की।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सैनिक लीग अर्की के अध्यक्ष कैप्टन पदमदेव ठाकुर ने कहा कि आगामी समय में लीग गांव-गांव जाकर युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए आगे आने के साथ-साथ नशे जैसी बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रखना भी लीग की प्राथमिकता रहेगी। युवाओं को सेना में भर्ती के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं तैयारी के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा।


मुख्यातिथि मयूराक्षी सिंह और विशेष अतिथि सोनू सोनी ने पूर्व सैनिक लीग द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और लीग नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा युवाओं को सेना में जाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने लीग से ग्रामीण स्तर पर जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया, ताकि क्षेत्र के युवा सेना में भर्ती के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।


इस दौरान लीग के जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर मोहन लाल शर्मा,अर्की लीग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन प्रेमचंद चौहान,सचिव सूबेदार मेजर भूपाल सिंह छेत्री,उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर बलदेव राज सहगल सहित लीग के समस्त पदाधिकारी ,सदस्य वीर नारियां, नगर पंचायत अर्की की वार्ड पार्षद रंजना कालिया ,ममता वर्मा,भारती राणा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page