भूमती स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के अंतर्गत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमती में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर (ऑनरेरी कैप्टन) भीमचंद रहे। उन्होंने विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तथा मार्च पास्ट की सलामी लेकर समारोह का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विद्यालय की एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड तथा इको क्लब के विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि को अनुशासित एवं भव्य सलामी दी। विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित लोगों को गौरवान्वित किया।

समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार, एनसीसी अधिकारी चंद्रमणि महंत, एनएसएस अधिकारी संतोष शर्मा, लक्ष्मीकांत शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। इसके अलावा पूर्व सैनिक धनीराम तंवर, विनोद अत्री व अश्वनी कुमार तथा इन-सर्विस आर्मी पर्सन सौरभ कुमार ने भी समारोह में भाग लिया।

विद्यालय की एसएमसी अध्यक्षा विभूति शर्मा एवं एसएमसी कार्यकारिणी के सदस्यों ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर समारोह की शोभा बढ़ाई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के प्राथमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय स्टाफ का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि भीमचंद ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता अनेक वीरों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने, अनुशासन अपनाने तथा देश के विकास में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने एकता, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page