सिहारली गांव में भूस्खलन का खतरा, 5–6 घरों पर मंडरा रहा संकट।

ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत चाखड़ के अंतर्गत सिहारली गांव में लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा गहरा गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार गांव के करीब 5 से 6 घर खतरे की जद में हैं, जहां छोटे-छोटे बच्चों सहित कई परिवार रह रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।


ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क से वर्षा जल की उचित निकासी नहीं होने के कारण पानी लगातार ढलान की ओर बह रहा है, जिससे भूमि कमजोर होती जा रही है और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। उनका कहना है कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को पहले भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।


ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए मौके का तत्काल निरीक्षण कर सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य शुरू किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए और कोई अप्रिय घटना या जान-माल का नुकसान होता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
इस संबंध में भाजपा दाड़ला मंडल के सचिव महेंद्र कुमार ठाकुर, आईटी संयोजक प्रेम कंवर तथा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष कुलदीप ठाकुर ने भी प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

LIC

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page