ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- उपमंडल अर्की के शालाघाट क्षेत्र में शालाघाट बाजार और कोटली ग्राउंड के लिए विधायक संजय अवस्थी द्वारा स्वीकृत 15 सोलर लाइटें क्षेत्र में पहुंच गई हैं। इनमें 10 सोलर लाइटें शालाघाट बाजार तथा 5 सोलर लाइटें कोटली ग्राउंड में स्थापित की जाएंगी। सोलर लाइटें लगने से क्षेत्र में रात्रि के समय बेहतर रोशनी उपलब्ध होगी, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी सुविधा मिलेगी।

ग्राम सुधार समिति कोटली के अध्यक्ष राजेंद्र रावत, शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा तथा व्यापार मंडल शालाघाट के प्रधान भूपेंद्र (सागर) ने सोलर लाइटें उपलब्ध करवाने पर विधायक संजय अवस्थी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से बेहतर प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी और अब सोलर लाइटें पहुंचने से स्थानीय लोगों की यह मांग पूरी होने जा रही है।

उन्होंने बताया कि सोलर लाइटों की स्थापना का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा, जिससे शालाघाट बाजार और कोटली ग्राउंड में रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि विधायक संजय अवस्थी भविष्य में भी क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को इसी प्रकार प्राथमिकता देते रहेंगे।



