ब्यूरो, दैनिक हिमाचल न्यूज- क्रीड़ा भारती जिला सोलन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष देशराज ठाकुर के नेतृत्व में लोक भवन, शिमला में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को पारंपरिक हिमाचली टोपी, मफलर एवं श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिला सोलन में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा संगठन द्वारा संचालित विभिन्न खेल, धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही भविष्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों और योजनाओं पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने क्रीड़ा भारती द्वारा खेल, संस्कृति और समाज निर्माण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, चरित्र निर्माण एवं नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

जिलाध्यक्ष देशराज ठाकुर ने राज्यपाल को विश्वास दिलाया कि क्रीड़ा भारती ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में युवाओं को खेलों तथा भारतीय संस्कृति से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
इस अवसर पर जिला मंत्री मनोज चौहान, क्रीड़ा भारती अर्की टोली के अध्यक्ष अजय ठाकुर, मंडल मंत्री आसिफ चौधरी, धर्मपाल शर्मा, चेतन ठाकुर, दलीप शर्मा, गौरव ठाकुर सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।



